जनपद महराजगंज के थाना नौतनवां क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए असली सोना बताकर नकली आभूषण बेचने वाले एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2026 को कस्बा क्षेत्र के एक आभूषण व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात पुरुष और महिला उसकी दुकान पर आए और अपने पास मौजूद आभूषण को असली सोना बताकर बेचने का प्रस्ताव दिया। व्यापारी ने आभूषण को असली समझकर करीब 40 हजार रुपये में खरीद लिया, लेकिन बाद में जांच में वह नकली निकला।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने इसी तरह अन्य दुकानों पर भी धोखाधड़ी की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए नौतनवां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 2 अप्रैल 2026 को गौसिया इंटर कॉलेज के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राकेश गौड़ (45 वर्ष), निवासी रामूघाट, थाना पीपीगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 9,850 रुपये नकद और पीली धातु के नकली आभूषण बरामद किए हैं।
इस संबंध में थाना नौतनवां पर मु0अ0सं0 68/2026 के तहत धारा 318(4) और 317(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विकास गौड़, कांस्टेबल अभिमन्यु खरवार और कांस्टेबल प्रभार गौड़ शामिल रहे।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर अन्य घटनाओं की जानकारी जुटाने में लगी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
