

महाराजगंज के पुरन्दरपुर इलाके में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ पुलिस और राजस्व विभाग ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाई जा रही मुहिम के तहत टीम ने ग्राम झामट में छापेमारी की, जहाँ अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। इस दौरान मौके से मिट्टी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और खुदाई में इस्तेमाल हो रहा एक लोडर कब्जे में लिया गया है। नायब तहसीलदार और पुलिस टीम की इस सतर्कता से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को थाने लाकर जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत रिपोर्ट खनन विभाग को भेज दी गई है ताकि आरोपियों पर सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी छापेमारी जारी रहेगी।