
सोनौली में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी (SSB) ने एक विदेशी नागरिक को अनधिकृत रूप से नेपाल जाते हुए पकड़ा है। पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम जॉर्डन ब्राउन बताया है और वह खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बता रहा है। प्राथमिक पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड गया था, जहाँ उसका पासपोर्ट गुम हो गया। इसके बाद वह जल मार्ग से श्रीलंका पहुँचा और 2 नवंबर 2025 को भारत में प्रवेश किया। तब से वह गोवा में रह रहा था और आज वह किसी तरह नेपाल सीमा पार करने की कोशिश कर रहा था। एसएसबी की टीम ने जब उसे पकड़ा, तो उसके पास यात्रा या पहचान से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिला। विदेशी नागरिक के इस दावे की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल सोनौली थाने में उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम और आव्रजन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा संख्या 68/26 पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस व अन्य एजेंसियां आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हैं।