महराजगंज में 7 घंटे में मिली नवजात बच्ची: पुलिस ने मां से मिलाया बिछड़ा हुआ बच्चा।
महराजगंज जिले में पुलिस की संवेदनशीलता और तेज कार्रवाई ने एक मां को उसकी खोई हुई नवजात बच्ची से मिला दिया है। मामला फरेंदा थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने अपनी आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों के चलते अपनी नवजात बच्ची को किसी और को सौंप दिया था। इस बात की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी। फरेंदा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर बच्ची का पता लगाया। पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए मात्र 7 घंटे के भीतर गोरखपुर से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और डॉक्टर की मौजूदगी में बच्ची को उसकी मां को सौंप दिया गया। बच्ची को वापस पाकर परिवार में खुशी का माहौल है। पुलिस की इस तत्परता और मानवीय चेहरे की इलाके में काफी सराहना हो रही है। इस सराहनीय कार्य को करने वाली टीम में उप निरीक्षक अफजल आलम, उप निरीक्षक अजीत मौर्य, कांस्टेबल प्रमोद सिंह यादव और कांस्टेबल अरविंद कुमार शामिल रहे।
