महराजगंज। सड़क पर नियम तोड़ने वालों को चालान काटने की जगह गुलाब का फूल देकर समझाने का अनोखा तरीका गुरुवार को महराजगंज शहर में देखने को मिला। यातायात माह के तहत एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने एनसीसी कैडेट्स के साथ मिलकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों, बिना सीटबेल्ट कार चलाने वालों और बाकी ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले चालकों को रोका गया। पुलिस और एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गुलाब का फूल दिया और प्यार से समझाया कि जरा सी लापरवाही खुद की और दूसरों की जान पर भारी पड़ सकती है। पुलिस का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं है, बल्कि लोगों की आदत बदलना और उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाइक चलाते वक्त हेलमेट और कार चलाते वक्त सीटबेल्ट जरूर लगाएं, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके और हर कोई सुरक्षित घर पहुंच सके।

