Politics

यूपी: 2017 के बाद कल आगरा में साथ दिखेंगे अखिलेश-राहुल, आगामी लोकसभा चुनाव के लिए देंगे संदेश

यूपी: यूपी विधानसभा चुनाव 2017 के बाद 25 फरवरी को आगरा में अखिलेश यादव व राहुल गांधी फिर एक बार साथ आएंगे। सात साल बाद उत्तर प्रदेश की धरती पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी साथ दिखेंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दूसरे चरण के जरिये दोनों नेता आगामी लोकसभा चुनाव के लिए संदेश भी देंगे।

आगरा में टेढ़ी बगिया स्थित आंबेडकर प्रतिमा से दोनों नेता एक किमी पैदल यात्रा के बाद 10-12 किमी का सफर खुली जीप से तय करेंगे। राहुल गांधी अलीगढ़ और हाथरस होते हुए आगरा पहुंचेंगे, जबकि, अखिलेश यादव आगरा में न्याय यात्रा में शामिल होंगे। यहीं से यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सपा तैयारियों में लगा हुआ है। सपा ने न्याय यात्रा में भारी भीड़ जुटाने की तैयारी की है।

एक समाजवादी नेता ने बताया कि अब तक कांग्रेस की यात्रा में जितनी भीड़ जुटी है, उससे कई गुना ज्यादा लोग जुटाने की तैयारी है। ताकि, कांग्रेस को यह अहसास कराया जा सके कि सपा के साथ आने से साझी ताकत में जबरदस्त वृद्धि होगी। साथ ही आम मतदाताओं को भी यह संदेश देने का प्रयास है कि इंडिया गठबंधन ही यूपी में एनडीए को टक्कर दे सकता है।

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सहमति बन गई है। सीट बंटवारे का आधिकारिक ऐलान भी हो गया है। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 17 सीटें दी हैं। बता दें कि इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में ‘यूपी को यह साथ पसंद है’ के नारे के साथ अखिलेश और राहुल एक मंच पर आए थे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Popular

To Top