LIC IPO : पिछले महीने वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने पिछले सप्ताह एलआईसी आईपीओ की प्रगति पर शीर्ष अधिकारियों से चर्चा की थी। अब भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का बहुप्रतीक्षित आईपीओ मार्च, 2022 तक आ जाएगा। सरकार इसकी मंजूरी के लिए बाजार नियामक सेबी के समक्ष इस महीने के अंत तक मसौदा पेश करेगी।
मामले से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि एलआईसी के जुलाई-सितंबर, 2021 के वित्तीय आंकड़ों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा, फंड विभाजन की प्रक्रिया भी जारी है। हमें भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास इस महीने के अंत तक आईपीओ संबंधी मसौदा प्रस्ताव पेश करने की उम्मीद है।
एलआईसी का आईपीओ चालू वित्त वर्ष के लिए 1.75 लाख करोड़ रुपये के विनिवेश लक्ष्य हासिल करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सरकार अभी तक कई सार्वजनिक उपक्रमों के विनिवेश से 9,330 करोड़ रुपये ही जुटा सकी है। यह बात तय है कि चालू वित्त वर्ष के अंत तक एलआईसी का आईपीओ आ जाएगा। आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने गत वर्ष जुलाई में एलआईसी के विनिवेश को मंजूरी दी थी। इसे देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है।