दहशत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।यह मामला रामकोला क्षेत्र के अमडरिया गांव का है। यहां निवासी विनोद गुप्ता के घर से एक-एक कर 41 से अधिक विषैले सांप निकलने से आसपास के घरों में रह रहे लोगों में भय व्याप्त हो गया। यह सभी कोबरा प्रजाति के सांप थे। ग्रामीणों ने बताया कि विनोद के घर में शुक्रवार को भी तीन सांप निकले थे, जिन्हें गृहस्वामी ने मार दिया।
उसके बाद शनिवार को फिर से एक सांप निकला तो गृहस्वामी को लगा कि वहां और भी सांप हो सकते हैं। उन्होंने अपने घर की जमीन खोदी तो दृश्य देखकर होश उड़ गए, क्योंकि उसमें एक-एक कर 41 से अधिक सपोले और अंडे मिले। गृहस्वामी विनोद गुप्ता ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली।
यह सांप पूरे क्षेत्र में कौतूहल का विषय बने हुए हैं। इतनी बड़ी संख्या में घर से सांप निकलने की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। गांव के ही नहीं, बल्कि आसपास के गांव से भी लोग सांप को देखने पहुंचे। बताया जा रहा है कि घर के अंदर से एक के बाद एक सांप निकलने से गांव में दहशत फैल गई है। सभी सांपों को मारकर दफना दिया गया है। लेकिन और भी सांप होने की आशंका से लोग भयभीत हैं। सांप निकलने से पूरा परिवार दहशत में है। सांपों की वजह से कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है।
