हिमाचल: हिमाचल प्रदेश में 10 नवंबर की शाम को थम जाएगा चुनाव प्रचार, पीएम मोदी व कांग्रेस अध्यक्ष आज करेंगे दो-दो रैलियां

हिमाचल चुनाव 2022: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर चुनावी सर्गमियां तेज हैं। हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होगा। हिमाचल प्रदेश में 10 नवंबर की शाम को चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद जनसभाएं और अन्य प्रचार बंद हो जाएंगे। केवल डोर-टू-डोर प्रचार ही होगा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी, शिमला के बाद अब बुधवार को कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्रों में चुनावी हुंकार भरेंगे। वह बुधवार यानी आज हमीरपुर के सुजानपुर और कांगड़ा के चंबी में एक-एक रैली करेंगे।

वहीं, हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मंगलवार दोपहर पहली बार शिमला पहुंचे। चौड़ा मैदान स्थित होटल में रुके खरगे ने शाम के समय पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ बैठक कर चुनाव प्रचार की समीक्षा की। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर फीडबैक भी लिया। इसके बाद खरगे ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ आगामी रणनीति बनाई। वह बुधवार को शिमला और सोलन के नालागढ़ में चुनावी जनसभाएं करेंगे।

भाजपा के स्टार प्रचारक एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के पालमपुर और कुल्लू के आनी में चुनावी जनसभाएं कीं।