कारिस्तानी : एक बार फिर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आरोप से घिरे, उन पर आधिकारिक दस्तावेज फाड़कर फ्लश करने का लगा आरोप

कारिस्तानी : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पद पर रहते हुए आधिकारिक दस्तावेजों को फाड़ने और उन्हें शौचालय में डालकर फ्लश करने या फिर फ्लोरिडा भेजने के आरोप लगे हैं। उन पर पहले भी डेकोरम के तहत स्वीकृत कई मानदंड तोड़ने के आरोप लग चुके हैं। मौजूदा मामला प्रेसिडेंशियल रिकॉर्ड को संरक्षित करने वाले नेशनल आर्काइव से जुड़ा हुआ है।

कहा जा रहा है कि नेशनल आर्काइव चाहता है कि अन्य बातों के अलावा, राष्ट्रपति रहने के दौरान व्हाइट हाउस के कागजातों को फाड़ने की ट्रंप की आदत की जांच की जाए। वाशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, आर्काइव ने न्याय मंत्रालय से ट्रंप की इस गतिविधि की जांच करने का आग्रह किया है।

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब रिकॉर्ड्स के सरकारी दफ्तर ने पुष्टि की थी कि ट्रंप के फ्लोरिड एस्टेट से दस्तावेजों के 15 बक्से बरामद हुए हैं। इन्हें वे राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद वाशिंगटन छोड़ते समय अपने साथ ले गए थे। इन दस्तावेजों में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ हुए आधिकारिक पत्राचार भी शामिल थे। वहीं, ट्रंप ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है। उन्होंने कहा, आर्काइव के साथ उनका व्यवहार बहुत ही दोस्ताना था और किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था।

कैपिटल हिल्स हिंसा की जांच कर रहे पैनल के सामने अब नई मुश्किल आ गई है। 6 जनवरी यानी जिस दिन कैपिटल हिल्स पर हिंसा की घटना हुई, उस दिन के व्हाइट हाउस के कुछ आधिकारिक फोन लॉग्स नहीं मिल रहे हैं। इस वजह से भी ट्रंप पर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *