Politics

यूपी: सपा नेता आजम की बढ़ी मुश्किलें, फिर दो केस हुआ दर्ज, गवाहों ने सपा नेता पर धमकाने का लगाया आरोप, सपाइयों में आक्रोश

सपा नेता आजम खां: उत्तर प्रदेश से विधायक और समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता व रामपुर शहर विधायक आज़म खान की मुश्किलें फिर बढ़ गई है, उन पर दो और मुक़दमा दर्ज किया गया है l आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां के खिलाफ वर्ष 2019 में एक के बाद एक कई मुकदमे दर्ज किए गए। मौजूदा समय में भी उनके खिलाफ करीब 90 से अधिक मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। जौहर यूनिवर्सिटी के लिए जमीनें कब्जाने के आरोप में ही करीब 30 मुकदमे लिखे गए थे। जिसके बाद आजम खां को भूमाफिया भी घोषित कर दिया गया था।

इसके अलावा डूंगरपुर प्रकरण और यतीमखाना प्रकरण में भी करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज किए गए। सपा नेता आजम खां के खिलाफ मुकदमे के वादियों को धमकाने के मामले में दो मुकदमे दर्ज होने के बाद से सपाइयों में आक्रोश है। वे इन मुकदमों को फर्जी बता रहे हैं। लिहाजा, अब इस मुद्दे को लेकर रामपुर से ही बड़े आंदोलन करने की तैयारी है। इसके लिए रणनीति बनाई जा रही है।

इन मामलों में आजम खां पर आरोप है कि उनके इशारे पर लोगों के घरों को तोड़ा गया और उनका सामान भैंस, बकरी आदि चोरी कर लिया गया। तब नन्हे और अबरार ने भी मुकदमा लिखाया था। अब इन दोनों ने आजम खां के खिलाफ गवाही को लेकर धमकाने के आरोप मुकदमे लिखवाए हैं। आरोप लगाया है कि आजम खां के करीबी लोगों ने उन्हें घर पर जाकर धमकाया कि वे अदालत में आजम खां के खिलाफ गवाही न दें, वरना अंजाम अच्छा नहीं होगा।

इन दोनों मुकदमों की जैसे ही सपाइयों को जानकारी हुई, उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिलने पर आजम खां के बेटे व स्वार-टांडा के विधायक अब्दुल्ला आजम और चमरौआ विधायक नसीर अहमद खां अन्य सपाइयों के साथ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला से मिले थे। जिसमें उन्होंने मुकदमों को रद्द कराने की मांग की थी। हालांकि, अफसरों ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिससे सपाई संतुष्ट नहीं हैं।

Most Popular

To Top