महराजगंज में पुलिस विभाग का मान बढ़ाते हुए यहां तैनात आठ आरक्षियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दरोगा) के पद पर सफलता हासिल की है। सीधी भर्ती-2025 के आए फाइनल रिजल्ट में इन सभी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम पाया है। इन सफल होने वालों में आरक्षी संदीप कुमार, प्रिंस कुमार उपाध्याय, हिमांशु मिश्रा, विवेक कुमार, संदेश प्रकाश, अमन अली शाह, हिमांशु तिवारी और महिला आरक्षी प्राची सिंह शामिल हैं, जो जिले के अलग-अलग थानों और शाखाओं में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इस बड़ी कामयाबी पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी चयनित पुलिसकर्मियों को अपने कार्यालय बुलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसपी ने कहा कि इन सभी की कड़ी मेहनत और अनुशासन का ही यह सुखद परिणाम है कि आज इन्होंने सिपाही से दरोगा तक का सफर तय किया है। उन्होंने सभी नए उपनिरीक्षकों को निर्देश दिए कि वे अपनी नई जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निभाएं ताकि आम जनता का पुलिस पर भरोसा और अधिक मजबूत हो सके। इस खबर से पूरे महराजगंज पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है और बाकी कर्मियों को भी इससे प्रेरणा मिल रही है।
