फिरोजाबाद: किसानों को एकजुट और आंदोलन को तेज करने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा की लखनऊ में बैठक में यह एलान किया गया था कि किसान जिलों में लगातार पंचायतें करेगा। अक्तूबर में तीन जिलों में पंचायतें होंगी। इनमें आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
फिरोजाबाद जिले में भारतीय किसान यूनियन (भानु) की ओर से रविवार को गांव इमलिया में किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे से प्रस्तावित किसान महापंचायत में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही शिरकत करेंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आने की भी संभावना है।
जिला प्रशासन शनिवार को महापंचायत की तैयारियों में जुटा रहा। एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्रा ने एसडीएम टूंडला बुशरा बानो के साथ मौके का निरीक्षण किया। महापंचायत के आयोजन स्थल पर 70 बीघा भूमि पर टेंट लगाने के साथ करीब 40 बीघा में वाहनों की पार्किंग किए जाने की व्यवस्था की गई है। बीस बीघा भूमि पर विशाल मंच सजाया गया है। भानु गुट के नेताओं के अनुसार महापंचायत की शुरुआत रविवार सुबह 11 बजे होगी।
टूंडला तहसील क्षेत्र के गांव इमलिया में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में किसान महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। महापंचायत में आगरा, अलीगढ़ मंडल के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से किसान शामिल होंगे। किसान महापंचायत में किसानों से जुड़ी समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
