मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पारिवारिक विवाद के कारण एक दर्दनाक मामला देखने को मिला, देवर ने अपनी भाभी, भतीजी और भतीजे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसमें भाभी और भतीजी की मौत हो गई। भतीजा जिंदगी और मौत की जंग से जूझ रहा है।
पुलिस के अनुसार, कटरा कोतवाली के डंगहर मोहल्ला निवासी पंचम पोस्टमैन थे। उनके पांच बेटे हैं। पंचम की मृत्यु होने के बाद उनके दूसरे नंबर के पुत्र यज्ञ नारायण को नौकरी मिल गई थी। पंचम की पत्नी कलावती को पेंशन मिलती है। पूरा परिवार एक ही मकान में रहता है। इसमें दो भाइयों जीत नरायन और यज्ञ नारायण की शादी हुई है। यज्ञ नारायण और उसके भाई सुबह काम पर चले गए थे।
घर पर दोपहर में यज्ञ नारायण की पत्नी रेनू छत पर सब्जी काट रही थी। इस दौरान घर पर उसका सबसे छोटा देवर राम नारायण पहुंचा। पारिवारिक विवाद में उसने रेनू(35) उसकी पुत्री हर्षिका(9) उसके पुत्र आरुष(6) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी के हमले से रेनू और हर्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। आरुष की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
उसे मंडलीय अस्पताल से उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह, एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा, सिटी प्रभात राय कटरा कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आरोपी की तलाश में जुट गई। हत्यारोपी रामनारायण फरार है। क्राइम ब्रांच की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।