प्रियंका का हमला: यूपी चुनाव का समय पास आते-आते हर दिन नए समीकरण देखने को मिल रहे हैं इसी क्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीयत साफ नहीं है।
शनिवार को शहर के छत्रसाल स्टेडियम में प्रतिज्ञा रैली में प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी मंच से झूठे वादे करते हैं। प्रधानमंत्री जी आठ हजार करोड़ के जहाज पर घूमते हैं लेकिन प्रति व्यक्ति आय नहीं बढ़ा सकते। किसानों का कर्ज माफ नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि योगी और मोदी तपस्या नहीं कर रहे। यहां देश का श्रमिक और नौजवान तपस्या कर रहा है। किसानों के लिए इस सरकार ने कुछ नहीं किया।
इस बार प्रदेश में सरकार बनने पर किसानों का पूरा कर्ज माफ किया जाएगा। जो लोग आर्थिक तंगी के चलते कोरोना काल में बिजली बिल जमा नहीं कर सके, उनका बिल माफ किया जाएगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि महंगाई चरम पर है। युवा बेरोजगार है। प्रदेश में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। महिलाओं को अपनी शक्ति पहचानने की जरूरत है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधने के साथ बसपा व सपा पर भी तंज कसा। कहा कि चुनाव के समय धर्म व जाति की राजनीति नहीं बल्कि विकास की बात होनी चाहिए।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, झांसी के पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, अल्पसंख्यक सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी, पूर्व कबीना मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करिश्मा ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष रजिया सुल्तान, पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, राकेश सचान, आलोक चतुर्वेदी, बृजेंद्र व्यास, पूर्व विधायक जगदीश नारायण शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष तुलसीदास लोधी समेत विभिन्न जिलों के कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।