जौनपुर: जौनपुर जिले में हुए भारतीय जनता पार्टी के काशी क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में 26 नवंबर 2008 को मुंबई में आतंकी हमला हुआ था। ये आतंकी पाकिस्तान से आए थे। उस हमले में 160 से ज्यादा लोगों की जानें गई थीं। लेकिन कांग्रेस सरकार ने पाकिस्तान पर जरूरी कार्रवाई नही की।
रक्षा मंत्री ने कहा कि मैं यह खुद नहीं कह रहा हूं, ये बातें खुद कांग्रेस वरिष्ठ नेता ने कही हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने अपनी किताब में लिखा है कि कांग्रेस सरकार को उस समय जो कार्रवाई पाकिस्तान के खिलाफ करनी चाहिए थी, वह नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सरकार आई है, तब से आतंकियों पर कार्रवाई करने का काम किया जा रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा भाजपा सरकार आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सेना मजबूत हुई है। वैसे ही कार्यकर्ताओं के बदौलत भाजपा देश की सबसे मजबूत पार्टी बनी है। भाजपा अपने घोषणापत्र के सारे वादे पूरी करती है। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले राम मंदिर बनवाने, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का वादा किया था। पीएम मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनते ही चुटकी में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटा दिया। साथ ही प्रदेश की धरती पर भव्य राम मंदिर बन रहा है।
पीएम मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को फायदा हुआ है। भारत जो भी बोलता है, दुनिया उसको गंभीरता के साथ सुनती है।