देश में कोरोना: त्योहारों के बाद से देश में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। देश में कोरोना की रफ्तार सुस्त पड़ती जा रही है। दैनिक मामलों में कमी हो रही है।
देश में कोरोना को लेकर एक तरफ बहुत बड़ी राहत की खबर है, तो दूसरी तरफ कोरोना के नए वैरिएंट से दुनिया एक बार फिर दहशत में है। ये वैरिएंट तेजी से अपना रूप बदल रहा है। वहीं, भारत भी इसको लेकर चिंतित है। हालांकि, भारत में कोरोना के दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे में कोरोना के आठ हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए हैं, वहीं, 621 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 9 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ भी हुए हैं। इसके साथ ही एक्टिव मामलों में लगातार गिरावट जारी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के 1 लाख 05 हजार 691 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़ा 543 दिन बाद सबसे कम आया है। वहीं, 3 करोड़ 39 लाख 98 हजार 278 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3 करोड़ 41 लाख 75 हजार 175 कुल मामले सामने आए हैं।
भारत में अब तक कोरोना से 4 लाख 68 हजार 554 लोगों की मौत हो चुकी है। टीकाकरण की बात करें तो अब तक 1 अरब 21 करोड़ 94 लाख 71 हजार 134 खुराकें दी गई हैं। कुछ राज्यों में फिर से कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु समेत अन्य राज्यों में कोरोना के मामलों में इजाफा हुआ है।