देश में कोरोना: त्योहारों के बाद से देश में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। देश में कोरोना की रफ्तार सुस्त पड़ती जा रही है। दैनिक मामलों में कमी हो रही है। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने दुनिया को भले ही दहशत में डाल दिया हो, लेकिन भारत में कोरोना के दैनिक मामले लगातर कम हो रहे हैं। पिछले कुछ हफ्तों से कोरोना के दैनिक आंकड़े 10 हजार से कम आ रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोना के दैनिक मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे में संक्रमण के आठ हजार नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 9 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ्य होकर घर लौट गए हैं। हालांकि, इस दौरान 236 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही एक्टिव मामलों में लगातार गिरावट जारी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना के 1 लाख 03 हजार 859 सक्रिय मामले दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़ा 544 दिन बाद सबसे कम है। वहीं, 3 करोड़ 40 लाख 81 हजार 183 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3 करोड़ 42 लाख 71 हजार 175 कुल मामले सामने आए हैं। भारत में अब तक कोरोना से 4 लाख 68 हजार 790 लोगों की मौत हो चुकी है।
कई राज्यों में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही। केरल, महराष्ट्र, मणिपुर, गुजरात समेत अन्य राज्यों में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
