सौगात: शुक्रवार को प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर गोरखपुर दूरदर्शन भू-उपग्रह केंद्र की सौगात देंगे। साथ ही एफएम रिले केंद्र इटावा, गदानिया लखीमपुर खीरी और नानपारा बहराइच का भी शुभारंभ करेंगे।
शुक्रवार शाम चार बजे दूरदर्शन केंद्र गोरखपुर में लोकार्पण समारोह का आयोजन किया जाएगा। तैयारियों के सिलसिले में महानिदेशक दूरदर्शन मयंक अग्रवाल, महानिदेशक आकाशवाणी एन वेणुधर रेड्डी, दूरदर्शन अपर महानिदेशक एमएस अंसारी, उप महानिदेशक उत्तरी क्षेत्र आदित्य चतुर्वेदी, मुख्य अभियंता दूरदर्शन बुधवार से ही शहर में आये हुए हैं। बृहस्पतिवार को इन अधिकारियों ने दूरदर्शन अर्थ स्टेशन का निरीक्षण किया। शुक्रवार को होने वाले कार्यक्रम के लिए देर शाम तक अधिकारियों की बैठक भी हुई। गोरखपुर दूरदर्शन प्रोग्राम हेड डॉ. ब्रजेंद्र नारायण ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शुक्रवार शाम करीब चार बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। वे पहले राप्तीनगर स्थित दूरदर्शन केंद्र जाएंगे। वहां लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम करेंगे। उधर केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश के सह चुनाव प्रभारी अनुराग ठाकुर शुक्रवार की शाम छह बजे सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे।