गौरीगंज (अमेठी): एक दिवसीय दौरे पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व अमेठी से तीन बार सांसद रहे राहुल गांधी 18 दिसंबर को अमेठी आ रहे हैं। इस दौरे में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी उनके साथ होंगी। एक दिवसीय दौरे पर आ रहे दोनों नेता जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में जगदीशपुर से हारीमऊ तक पदयात्रा व हारीमऊ में जनसभा कर लोगों से रूबरू होंगे। पदयात्रा व जनसभा को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोरशोर से की जा रही हैं।
अमेठी पहुंचे एआईसीसी सचिव व पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी सत्य नारायण पटेल ने बुधवार को केंद्रीय कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में लोग महंगाई से बेहाल हैं, महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है। कांग्रेस इसके खिलाफ जनजागरण अभियान चला रही है।
इसी अभियान के तहत आगामी 18 दिसंबर को राहुल गांधी व प्रियंका वाड्रा अमेठी में पदयात्रा करेंगे। एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचने वाले राहुल और प्रियंका सुबह 10 बजे से जगदीशपुर से अमेठी तक निकाली जाने वाली पदयात्रा (करीब छह किलोमीटर) में शामिल होंगे।
पदयात्रा में उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेसी व आम लोग शामिल होंगे। हारीमऊ में जिस जगह पदयात्रा समाप्त होगी वहां बड़ी जनसभा होगी। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, प्रदेश महासचिव विवेकानंद पाठक व युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कनिष्क पांडेय ने कहा कि कांग्रेस का यह जनजागरण अभियान लगातार जारी रहेगा।