जालौन: यूपी विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए चुनावी समर्मियां काफी तेज हो गयी है, यूपी में सियासी उठापटक का दौर जारी है। इस चुनाव के उत्तर प्रदेश मे चर्चा सबसे ज्यादा है। 403 विधानसभा सीट वाले इस प्रदेश में चुनावी हलचलें तेज हो गई है।
राजनीतिक बयानबाजी से नेता एक-दूसरे पर निशाना साध रहे। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई में रविवार को जिले में पहली बार आ रहे गृहमंत्री अमित शाह उरई की धरती से विधानसभा चुनाव के लिए मिशन बुंदेलखंड को धार देेंगे। वह करीब सवा घंटे तक जिले में रहने के साथ ही लगभग 40 मिनट तक सभा को संबोधित करेंगे।
इस दौरान वह मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के साथ विरोधियों पर निशाना साधेंगे। जनसभा में करीब एक लाख लोगों के पहुुंचने का दावा भाजपा नेता कर रहे हैं। वर्तमान में जालौन की तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है।
माधौगढ़ से मूलचंद्र निरंजन, कालपी से नरेंद्र सिंह जादौन और सदर सीट से गौरीशंकर वर्मा विधायक हैं। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी भी भाजपा से ही हैं। ऐसे में पूरे जिले में अभी तक भाजपा का कब्जा है। अमित शाह बुंदेलखंड में भाजपा का ग्राफ बरकरार रखने के लिए कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरेंगे।
मिनट टू मिनट कार्यक्रम
रविवार को दो बजे गांधी इंटर कॉलेज में बने हैलीपैड पर गृहमंत्री का हेलिकॉप्टर उतरेगा। इसके बाद यहां से वह जीआईसी ग्राउंड पहुंचेंगे। लगभग सवा दो बजे से तीन बजे तक मंच पर रहकर सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद करीब सवा चार बजे गांधी इंटर कॉलेज के मैदान से कानपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।
