बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम रूपनगर से एक ऐसी घटना सामने आई जहाँ ग्राम रूपनगर के वर्तमान प्रधान को बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े हत्या कर दी। घटना में वर्तमान प्रधान का चचेरा भाई भी घायल हो गया। घटना का कारण पुरानी चुनावी रंजिश बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार रूपनगर के वर्तमान प्रधान मिठाई लाल रविवार दोपहर में अपने गन्ने के खेत से वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच बदमाशों ने उन पर पीछे से हमला कर मार डाला। मिठाई लाल के पीछे उनका चचेरा भाई कल्लू बाइक से आ रहा था। घटना को देखकर वह भागने लगा और बाइक से गिरकर बेहोश हो गया।
कुछ लोगों का कहना है कि मिठाई लाल की गोली मारकर हत्या की गई है वहीं कुछ लोग इसे नुकीले हथियार से मारने की बात कर रहे हैं। कल्लू को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचे सीओ राधा रमन सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
