कोरोना का कहर: कोरोना वायरस ने देशभर में एक बार फिर तेजी से लोगों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। रोजाना हजारों लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो रहे हैं। नए संक्रमितों का आंकड़ा रोजाना बढ़ता ही जा रहा है। कोरोना की खतरनाक बढ़ती रफ्तार ने कई राज्य सरकारों की टेंशन बढ़ा दी है। मुंबई और दिल्ली में कोरोना के मामले खतरनाक तरीके से बढ़ने लगे हैं। खतरे को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में आज से सात जनवरी तक के लिए धारा 144 लागू कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटे में 56 फीसदी तेजी के साथ 90 हजार 928 लोग इससे संक्रमित हो गए हैं और 325 लोगों की इससे मौत हुई है। इससे पहले बुधवार को 58 हजार मामले सामने आए थे। बीते 24 घंटे में मुंबई में 15 हजार से अधिक लोग इस जानलेवा वायरस की चपेट में आ गए।
महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में अब तक कुल 260 रेजिडेंट डॉक्टरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।