विधानसभा चुनाव 2022: अगले साल पांच राज्यों में चुनाव होने वाले हैं। विधानसभा चुनाव 2022 को देखते हुए चुनावी समर्मियां काफी तेज हो गयी है, सियासी दलों द्वारा प्रचार प्रसार शुरू है। गोवा में भी सियासी उठापटक का दौर जारी है।
इसी क्रम में वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस आगामी गोवा विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने की इच्छुक किसी भी पार्टी का समर्थन स्वीकार करने के लिए तैयार है। उनका यह बयान तृणमूल कांग्रेस पार्टी के गोवा डेस्क प्रभारी महुआ मोइत्रा के सुझाव के तुरंत बाद आया है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) और कांग्रेस के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन के लिए तैयार है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैंने आज अखबार में गठबंधन पर तृणमूल कांग्रेस का बयान पढ़ा है, आधिकारिक बयान का इंतजार करें। कांग्रेस अपने दम पर भाजपा को हराने में सक्षम है, लेकिन अगर कोई पार्टी भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस का समर्थन करना चाहती है, तो मैं क्यों ना कहूं?