यूपी चुनाव 2022: प्रदेश में चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के बाद आचार संहिता लागू हो गई है। आदर्श आचार संहिता लागू होते ही चुनाव आयोग सक्रिय हो गया है। साथ ही साथ सभी पार्टियां भी सक्रिय हो गयी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने विधानसभा चुनाव की घोषणा किए जाने के बाद कहा कि पार्टी के लगनशील कार्यकर्ताओं और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से भाजपा फिर 300 से अधिक सीटों पर जीतेगी और सरकार बनेगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रदेश में पुन: कमल खिलाने के लिए रात-दिन परिश्रम करने की भी अपील की है। प्रदेश अध्यक्ष ने जनता से भी अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में पूरे उत्साह के साथ शामिल हों। मतदान में जनता की सहभागिता देश के लोकतंत्र की ताकत है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी होने के नाते भाजपा को इसका पूरा अहसास है।
पार्टी को जनता के निर्णय पर पूरा भरोसा भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए देश और जनता की खुशहाली ही सर्वोपरि है। इसी को केंद्र में रखकर डबल इंजन मोदी-योगी की सरकार ने सारी योजनाएं बनाई हैं और पूरी ईमानदारी से उसे लागू भी किया है।