नकली नोट: पाकिस्तान से नेपाल होकर भारत में नकली नोट आ रहे हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नकली नोटों की सप्लाई करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले चार वर्षों में दिल्ली के बाजारों में एक करोड़ रुपये से ज्यादा के नकली नोट खपा चुका है। आरोपी के कब्जे से 2.98 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। सभी नकली नोट 500 रुपये के नोट में हैं।
स्पेशल सेल डीसीपी जसमीत सिंह के अनुसार सेल में तैनात इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह को सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा से भारत में रक्सौल, मोतिहारी बिहार होकर भारत में नकली नोट आ रहे हैं। करीब दो महीनों के कड़े प्रयासों के बाद ये जानकारी मिली कि नकली नोट सप्लाई करने वाला पूर्वी चंपारण, बिहार निवासी रईसुल आजम नकली नोट की खेप लेकर इंद्रप्रस्थ पार्क के पास आएगा।
एसीपी अत्तर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह, एसआई रंजीत सिंह व एसआई संजीव कुमार की टीम ने इंद्रप्रस्थ पार्क के पास घेराबंदी कर आरोपी रईसुल आजम (42) को पकड़ लिया। आरोपी के बैग से 2.98 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। रईसुल आजम ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उसने नेपाल के एक नागरिक सुरेश से तीन लाख की बरामद नकली नोट की खेप खरीदी थी। खेप को सप्लाई करने वह दिल्ली आया था।
विमुद्रीकरण के बाद पिछले लगभग चार वर्षों के दौरान उसने दिल्ली में 1 करोड़ रुपये से अधिक की नकली नकली नोट सप्लाई कर चुका है। वह 14-15 वर्षों से देश के कुछ हिस्सों में नकली नोट सप्लाई कर रहा है।