खुलासा: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के थाना सहावर क्षेत्र में एक युवक ने पत्नी को पुत्र प्राप्ति न होने के कारण पत्नी की बहुत ही बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो सच्चाई सामने आई। हत्यारोपी पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी को पुत्र प्राप्ति नहीं हो रही थी, जिससे वह उसको नापसंद करता था। इसलिए उसने पत्नी की हत्या कर दी।
गांव उधन्नपुर में महिला सुषमा (28) का खून से लथपथ शव घर से 100 मीटर दूरी पर एक खेत के समीप पड़ा मिला था। पुलिस ने उसके पति गीतम सिंह को हिरासत में लेकर घटनास्थल पर छानबीन की। इस दौरान मौके से एक शर्ट बरामद हुई, जिस पर खून लगा था। इस शर्ट से पति की खौफनाक करतूत का राजफाश हो गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद हत्यारोपी को जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक रोहन प्रमोद बोत्रे ने बताया कि महिला सुषमा की हत्या उसके पति गीतम ने की थी। घटनास्थल पर एक शर्ट बरामद हुई, जिस पर खून लगा था। यह शर्ट आरोपी की थी। इस पर आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई। पुलिस की पूछताछ में आरोपी गीतम ने पत्नी की हत्या करना कबूल लिया।
उसने अपनी पत्नी की हत्या इसलिए की थी कि उसे पुत्र नहीं हो रहा था। महिला ने चार पुत्रियों को जन्म दिया, जिनमें से तीन की मृत्यु हो गई। पूछताछ में यह भी पता चला है कि हत्यारोपी गीतम के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध थे, जिसका पत्नी विरोध करती थी। इसी कारण उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घर से सौ मीटर दूर वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है।