गोरखपुर: चुनाव की तारीखों के एलान व आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे। देर शाम गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति की बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी शनिवार को गुरू गोरक्षनाथ को खिचड़ी चढ़ाकर रविवार की सुबह लखनऊ चले जाएंगे।
गोरखपुर जिले मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर के झुंगिया गेट के समीप दलित के घर मे सहभोज भी किया। उन्होंने कहा कि इस दलित बस्ती में सुशासन और विकास का संदेश देने और अस्पृश्यता की भावना को पूरी तरह समाप्त करने के संकल्प को पूरा करने के लिए आए हैं। समतामूलक समाज की स्थापना, भ्रष्टाचार मुक्त, अपराध मुक्त व्यवस्था यानी सुशासन का हिस्सा है।
उन्होंने कहा है कि वंशवाद, और परिवारवाद की राजनीति करने वाले सामाजिक न्याय के समर्थक नहीं हो सकते। भ्रष्टाचार जिनके जीन्स का हिस्सा हो, वे सामाजिक न्याय की लड़ाई नहीं लड़ सकते। सामाजिक समरसता और न्याय की लड़ाई भाजपा ने लड़ी है। सामाजिक न्याय यह है कि शासन की योजनाओं का लाभ हर गरीब को मिले, हर तबके के लोगों को मिले, उनके साथ सामाजिक- आर्थिक भेदभाव न हो। और, यही भाजपा का मूल मंत्र है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले पांच साल में पीएम मोदी के मार्ग में लागू कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर गांव, हर गरीब, हर किसान, मजदूर, महिला, नौजवान तक बिना भेदभाव पहुंचाया है। आज उसी का परिणाम है कि प्रदेश में 45 लाख गरीबों को आवास मिले, 2.61 करोड़ गरीबों के घरों में शौचालय बने।