लखनऊ: आज शुक्रवार को विक्रामदित्य मार्ग पर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सदस्यता ग्रहण समारोह का आयोजन था। सपा कार्यालय में मंत्रियों सहित कई विधायकों का जमावड़ा हुआ, करीब 300 लोगों ने सपा की सदस्यता ग्रहण की l भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बागी कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या, धर्म सिंह सैनी सहित कई नेता समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने जा रहे थे। इसके लिए शुक्रवार को सपा मुख्यालय पर समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें इन नेताओं ने अपनी ताकत का एहसास कराने के लिए हजारों की भीड़ जुटाई।
इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल और धारा 144 का खुला उल्लंघन किया गया। हजारों की भीड़ जुटी थी। इस आयोजन की जानकारी होने पर जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने मध्य जोन केडीसीपी से बातचीत की। इसके बाद पुलिस कमिश्नर के आदेश पर गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिला अधिकारी ने कहा कि सपा का कार्यक्रम बिना अनुमति के हो रहा है। लखनऊ में धारा 144 लागू है। ऐसे में एक स्थान पर पांच या उससे अधिक लोग जुट नहीं सकते हैं। वहीं कोविड-19 का संक्रमण भी काफी तेज है। उसके नियमों का भी खुला उल्लंघन किया गया है।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, ”क्या आप अपने राजनीतिक लक्ष्यों के लिए प्रोटोकॉल तोड़ेंगे? सपा भ्रष्ट, बेईमान कोई कानून नहीं मानते हैं। वे खुद को कानून से ऊपर मानते हैं। उन्हें मुस्कराने दो। चुनाव परिणामों के बाद आंसुओं की बाढ़ आएगी।”
वहीं सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि पार्टी कार्यालय के अंदर वर्चुअल बैठक चल रही थी। हमने किसी को नहीं बुलाया था लेकिन लोग खुद आ गए। लोग कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए काम कर रहे थे। भाजपा के मंत्रियों के घरों और बाजारों में भी भीड़ है, लेकिन प्रशासन को हमसे ही समस्या है।