कोरोना टीकाकरण: कोरोना महामारी को हराने के लिए चलाए गए टीकाकरण अभियान के आज एक साल पूरे हो गए। आज देश के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। आज के ही दिन 16 जनवरी 2021 को देश में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाए जाने की शुरुआत हुई थी। इसके बाद से कोरोना टीके दिए जाने का सिलसिला लगातार जारी है।
अब तक देश में वैक्सीन की 157 करोड़ खुराक लगाई जा चुकी हैं। हालांकि अभी भी पूरी आबादी को टीका लगाने में बहुत समय लगेगा। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को 1 वर्ष पूरा हो गया है। पीएम के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान ‘सबके प्रयास’ के साथ आज दुनिया का सबसे सफल टीकाकरण अभियान है। मैं सभी स्वास्थ्य कर्मियों, वैज्ञानिकों व देशवासियों को बधाई देता हूं। थोड़ी चिंता करने वाली बात यह है कि देश में 8 फीसदी आबादी ऐसी है, जिसे अब तक एक भी टीका नहीं लगा। वहीं, 31 फीसदी आबादी ऐसी है, जिन्हों अब तक दोनों टीके नहीं लगे।
16 जनवरी 2021 को टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई थी। देश में अब तक 18+ की 87 करोड़ आबादी को पहली डोज लग चुकी है। यानी करीब 92 फीसदी आबादी को पहली डोज लग चुकी है। वहीं करीब 65 करोड़ की आबादी को दोनों डोज लग चुकी हैं, यानी करीब 70 फीसदी लोगों को दोनों डोज लग गई है। देश में अब तक 15 से 18 साल की उम्र के करीब सवा तीन करोड़ बच्चों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यानी करीब 41 फीसदी। इन बच्चों को अभी दूसरी डोज लगाई जानी बाकी है।
जाने टीकाकरण की रफ्तार
0 से 50 करोड़ डोज- 203 दिन
50 से 100 करोड़ डोज- 75 दिन
100 से 150 करोड़ डोज– 82 दिन