यूपी चुनाव 2022: मैनपुरी जिले की चार विधानसभा सीटों पर कुल 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। शुक्रवार को नामांकन वापसी के लिए प्रत्याशियों को मौका दिया गया लेकिन समय सीमा बीतने तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया। अब राजनीतिक दलों के प्रत्याशी को उनका पंजीकृत चुनाव चिह्न और निर्दलीय प्रत्याशियों को अन्य चुनाव चिह्न जारी कर दिए गए हैं।
जिले की चार विधानसभा सीटों के लिए कुल 63 प्रत्याशियों ने नामांकन किए थे, जिसमें 41 नामांकन जांच में निरस्त कर दिए गए थे। इसके बाद मैनपुरी विधानसभा सीट पर चार, भोगांव पर नौ, किशनी पर छह और करहल विधानसभा सीट पर चार प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। शुक्रवार को चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापसी के लिए प्रत्याशियों को मौका दिया गया था।
इस दौरान किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया। ऐसे में चारों सीटों पर कुल 22 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया गया है। राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों को उनकी पार्टी का पंजीकृत चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है, वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों को अन्य चुनाव चिह्न आवंटित किए गए हैं। इसमें बल्ला, करनी, हीरा, अलमारी और गैस सिलिंडर चुनाव चिह्न शामिल हैं।
मैनपुरी की चार विधानसभा सीटों की खबर….
करहल विधानसभा- एसपी सिंह बघेल(भाजपा), अखिलेश यादव (सपा), कुलदीप नरायन (बसपा)।
मैनपुरी विधानसभा- जयवीर सिंह(भाजपा), राजकुमार यादव(सपा), गौरव नंद (बसपा), विनीता शाक्य (कांग्रेस)।
किशनी विधानसभा- डॉ. प्रियरंजन आशू (भाजपा), बृजेश कठेरिया (सपा), प्रभुदयाल (बसपा), विजय नरायन सिंह (कांग्रेस), पप्पू (आप), रामानंद (निर्दलीय)।
भोगांव विधानसभा- रामनरेश अग्निहोत्री (भाजपा), आलोक शाक्य (सपा), अशोक कुमार (बसपा), ममता राजपूत (कांग्रेस), संतोष श्रीवास्तव (आप), भूपेंद्र सिंह (जन अधिकारी पार्टी), अनीता (वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल), सुरजीत सिंह और श्रेय तिवारी (निर्दलीय)
