कोरोना अपडेट: कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर का सामना कर रहे देश में अब हालात धीरे-धीरे सुधर रहे हैं।पिछले एक सप्ताह से मौतों की संख्या में एकाएक इजाफा हुआ है। भारत विश्व का तीसरा ऐसा देश बन गया है, जहां आधिकारिक तौर पर कोरोना से पांच लाख से ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं।

पिछले 24 घंटों में एक लाख से कुछ ज्यादा नए मामले सामने आए हैं और दैनिक पॉजिटिविटी रेट 7.42 फीसदी हो गया है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के एक लाख सात हजार 474 नए मामले दर्ज किए गए और 865 संक्रमितों की मौत हो गई।

मंत्रालय ने रविवार की सुबह यह जानकारी दी। देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब चार करोड़ 21 लाख 88 हजार 138 हो गई है। वहीं, इस महामारी के चलते अब तक कुल पांच लाख एक हजार 979 मरीजों की जान जा चुकी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना वायरस से संक्रमित सक्रिय मामलों की संख्या में गिरावट आई है। अब यह आंकड़ा 12 लाख 25 हजार 11 हो गया है। दुनिया में सबसे ज्यादा 9.1 लाख मौतें अमेरिका में हुई हैं। दूसरे नंबर पर ब्राजील में 6.3 लाख से ज्यादा मौतें हुईं। इसके बाद तीसरा नंबर भारत का है, जहां पांच लाख से ज्यादा मौतें कोरोना से हो चुकी हैं। देश में कोरोना महामारी का कहर लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *