ऑपरेशन गंगा: रूस-यूक्रेन के बीच जारी भीषण युद्ध के बीच ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक एक हजार भारतीयाें की स्वदेश वापसी हुई है। अब रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग और भयानक होती जा रही है। रूस की ओर से तेज होते हमलों ने अब यूक्रने के रिहायशी इलाकों को भी नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों का बुरा हाल है।
भारत ने अपने नागरिकों को वहां से निकालने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस बीच खबर है कि 249 भारतीय छात्रों को लेकर पांचवी फ्लाइट भी दिल्ली पहुंच चुकी है। जानकारी के मुताबिक, पांचवी फ्लाइट सोमवार सुबह करीब 6:30 मिनट पर दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा के तहत अभी तक 1100 से ज्यादा लोगों को निकाला जा चुका है। इन सभी को रोमानिया के बुखारेस्ट के रास्ते दिल्ली लाया जा रहा है।
रूसी की ओर से तेज हमलों के बाद यूक्रेन में उड़ानें बंद कर दी गई थीं। इस बीच भारत ने अपने लोगों को निकालने के लिए ऑपरेशन गंगा अभियान की शुरुआत की। वहां फंसे लोगों को निकालने के लिए रोमानिया का रास्ता चुना गया। 26 फरवरी को इस मिशन के तहत 219 लोगों को लेकर पहली फ्लाइट दिल्ली पहुंची थी। इसके बाद 27 को फरवरी को भी तीन फ्लाइट्स लैंड हुईं।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के बयान के मुताबिक, छात्रों व अन्य लोगों को मिलाकर करीब 20 हजार से ज्यादा भारतीय यूक्रेन में रहते हैं। भारत ने कहा था कि, सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी हमारा प्रयास है। अभी भी करीब 18 हजार भारतीय यूक्रेन में फंसे हुए हैं।
