यूपी चुनाव 2022: उत्तर प्रदेश मे राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। दिग्गज नेता अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांग रहे हैं। इसी के तहत जौनपुर में आज समाजवादी पार्टी के स्टार प्रचारकों की फौज उतरी है। एक तरफ अखिलेश यादव जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं तो दूसरी तरफ उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव भी चुनाव प्रचार में जुटे हैं।
बुधवार को शिवपाल यादव ने मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के रीढ़ी गांव स्थित राज कुमार महिला इंटर कॉलेज में चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण प्रदेश का विकास रुक गया। सूबे के किसान, बेरोजगार, व्यापारी सभी परेशान हैं। नोटबंदी से गुजरात के दो पूंजीपतियों का फायदा हुआ। शिवपाल यादव ने दावा किया कि 2022 में भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
जनता से आह्वान किया कि अखिलेश यादव को फिर से मुख्यमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार में आने पर पुरानी पेंशन, समाजवादी पेंशन फिर शुरू कराएंगे। हर परिवार से एक-एक बेटे-बेटी को सरकारी नौकरी देंगे।