यूपी चुनाव 2022: उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के चुनाव के लिए मतगणना जारी है। UP में 260 सीटों पर भाजपा आगे है, सपा को 120 पर बढ़त मिली है। गोरखपुर शहर सीट से सीएम योगी ने भी अच्छी बढ़त बनाई हुई है। वहीं, करहल से सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव कई हजार वोट से आगे चल रहे हैं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पीछे चल रहे हैं।
महराजगंज जनपद की सभी 5 विधानसभा सीटों पर तीन राउंड की मतगणना में बीजेपी आगे चल रही है। बस्ती में कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में तीसरे चरण में सपा आगे हो गई है। सपा के कवींद्र चौधरी को 10230, भाजपा के चंद्र प्रकाश शुक्ल को 5532 और बसपा के जहीर अहमद को 2774 वोट मिले हैं।
कैराना से भाजपा की मृगांका सिंह सपा के नाहिद हसन से 986 वोट से पीछे चल रही हैं। छपरौली में तीसरे राउंड में रालोद के अजय कुमार 4 हज़ार से आगे चल रहे हैं। चांदपुर विधानसभा सीट पर तीसरे राउंड में भाजपा प्रत्याशी कमलेश सैनी को 9866 जबकि गठबंधन प्रत्याशी स्वामी ओम व्यास को 10558 और बसपा को 6861 वोट मिले हैं। बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में पहले दो राउंड के बाद भाजपा के उमेश मलिक 654 वोट से आगे हैं।
