बिकरू कांड: उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम पर हमला कर एक सीओ सहित आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपित विकास दुबे की संपत्तियों को जब्त करना शुरू कर दिया है। कानपुर के जिलाधिकारी की रिपोर्ट पर सोमवार को बिकरू कांड के बाद एनकाउंटर में मारे गए हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे और उसके रिश्तेदारों की 67 करोड़ की संपत्तियां जब्त कर ली गई हैं।
विकास दुबे को यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। इसके बाद एसपी आउटर की रिपोर्ट पर डीएम कोर्ट ने उसकी संपत्तियों को अटैच करने का आदेश दिया। इन जब्त हुई संपत्तियों में विकास दुबे की पत्नी की संपत्ति, मां की संपत्ति और दोनों बेटों की संपत्ति शामिल है। प्रशासन द्वारा अटैच की गई संपत्तियों में बिकरू, चौबेपुर, कानपुर देहात और लखनऊ में स्थित 13 अचल और 10 चल संपत्तियां शामिल हैं।
अब इन संपत्तियों पर तहसीलदार स्तर का अधिकारी बतौर रिसीवर तैनात होगा। इसके अलावा कानपुर से कानपुर देहात तथा लखनऊ के डीएम उसकी संपत्तियों को जब्त करने के लिए पत्र भेजा जाएगा और शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।