India

मेक इन इंडिया: मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘मेक इन इंडिया’ को मिला फ्रांस का साथ, अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र में मिलकर करेगा काम

मेक इन इंडिया: भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘मेक इन इंडिया’ को फ्रांस का साथ मिल गया है।  पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में की गई फ्रांस यात्रा के बाद अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया के तहत भारत के साथ मिलकर काम करने के लिए फ्रांस सहमत हुआ है। मेक इन इंडिया का प्रसार कितनी तेजी से हो रहा है, दोनों देशों के बीच हुई सहमति इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। भारत और फ्रांस इस पहल के तहत द्विपक्षीय संबंध स्थापित करने पर सहमत हुए हैं।

भारत और फ्रांस जलवायु परिवर्तन और रक्षा से संबंधित मामलों में गहरे संबंध रखने के अलावा अंतरिक्ष से संबंधित चुनौतियों का समाधान करने के लिए सहमत हो गये हैं और दोनों देश अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया के तहत काम करेंगे। फ्रांस की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने द्विपक्षीय और आपसी हितों के मुद्दों पर चर्चा की थी।

इस दौरान दोनों नेताओं ने अंतरिक्ष मुद्दों पर चर्चा के साथ ही सभी रक्षा क्षेत्रों में चल रहे गहन सहयोग का स्वागत किया था।दोनों देशों में के बीच हुआ ये समझौता अंतरिक्ष और रक्षा एजेंसियों, प्रशासन और विशेष पारिस्थितिकी तंत्र के विशेषज्ञों को अंतरिक्ष पर लागू मानदंडों और सिद्धांतों पर चर्चा करने के साथ-साथ नए क्षेत्रों में काम करने के लिए एक साथ लाएगा।

वहीं, इस साल भारत और फ्रांस के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे हुए हैं। दूसरी ओर भारत और फ्रांस के बीच समुद्री सहयोग और विश्वास भी नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ये सहयोग और विश्वास पूरे हिंद महासागर में सैन्य अभ्यास और संयुक्त प्रयासों जरिए अनवरत चलता रहेगा। दोनों देशों के बीच लंबे समय से चल रहा आयुध सहयोग इसका उदाहरण है। साथ ही, दोनों देशों ने अपनी साइबर सुरक्षा एजेंसियों के बीच सहयोग को मजबूत किया है। दोनों देशों में इसे आगे ले जाने पर सहमति बनी है।

Most Popular

To Top