असम: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस समय असम के दो दिवसीय दौरे पर आये हुए हैं। शाह अपने इस दौरे के दौरान हिमंता बिस्व सरमा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ पर होने वाले समारोह में भाग लेंगे। आज असम की सत्ता में हिमंता बिस्वा के नेतृत्व वाली सरकार का आज एक साल पूरा हो रहा है।
अमित शाह मंगलवार (आज) गुवाहाटी के खानापारा मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री गुवाहाटी में पिछले 25 वर्षों में अपनी सेवा के लिए असम पुलिस को ‘राष्ट्रपति कलर अवार्ड’ से सम्मानित करेंगे। गृह मंत्री असम पुलिस की परेड का निरीक्षण करेंगे और असम पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों व जवानों के साथ दोपहर का भोजन करेंगे। इसके बाद शाह मंगलवार शाम को नई दिल्ली लौट जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम में एक जनसभा में कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि अगर असम में सरकार बनी तो यहां से आतंक को खत्म कर दिया जाएगा। महज सात वर्ष में भाजपा ने अपना वादा पूरा कर दिया है। बोडोलैंड के तामूलपुर जिले में एक रैली में उन्होंने कहा कि सात वर्ष पहले बोडोलैंड में रक्तपात की राजनीति हो रही थी, सैंकड़ों युवकों की जान जा रही थी। लेकिन, अब हजारों युवाओं ने हथियार छोड़कर भाजपा की सरकार पर भरोसा दिखाते हुए मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला किया। बोडो लैंड टेरिटोरियल रीजन (बीटीआर) के लिए जल्द ही 500 करोड़ का ताजा पैकेज जारी किया जाएगा।