भाजपा: भाजपा इस महीने के तीसरे हफ्ते में जयपुर में हो रही राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक से पहले केंद्रीय संगठन में बदलाव करेगी। संगठन में खाली पद भरे जाएंगे, वहीं सीमित संख्या में विभिन्न पदों में बदलाव भी किए जाएंगे। इसके लिए शीर्ष स्तर पर मंथन जारी है। इसी हफ्ते बदलाव पर घोषणा किए जाने की संभावना है।
बदलाव के क्रम में डेढ़ दर्जन नए चेहरों को केंद्रीय संगठन में जगह मिलने की संभावना है। इनमें हालिया विधानसभा चुनाव खास कर उत्तर प्रदेश में चुनाव से जुड़ी अहम जिम्मेदारी निभाने वाले नेताओं को केंद्रीय टीम में शामिल करने की योजना है।
इस समय पार्टी संसदीय बोर्ड में चार पद रिक्त हैं। अरुण जेटली, सुषमा स्वराज और अनंत कुमार के निधन और थावर चंद गहलोत के राज्यपाल बनने के बाद उनकी जगह अब तक नई नियुक्ति नहीं हुई है। इसी प्रकार महासचिव और संयुक्त संगठन महासचिव के तीन-तीन पद लंबे समय से रिक्त हैं। मिशन 2024 को धार देने के लिए इन पदों को जल्द से जल्द भरने पर सहमति बनी है।
संसदीय बोर्ड के रिक्त पदों के लिए कई नामों की चर्चा है। बतौर महिला सदस्य वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, महासचिव कोटे से अरुण सिंह या कैलाश विजयवर्गीय के नाम की चर्चा है। अनुसूचित जाति वर्ग से दुष्यंत गौतम, सीटी रवि का नाम लिया जा रहा है। इसके अलावा राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल को भी जगह मिलने की चर्चा है।
