वाराणसी: केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर यूपी में जोरदार विरोध प्रदर्शन जारी है। गोरखपुर, जौनपुर, बलिया, लखनऊ, वाराणसी, मथुरा, गाजीपुर, फिरोजाबाद, ग्रेटर नोएडा, रायबरेली, उन्नाव और कुशीनगर समेत अन्य कई जिलों में उपद्रव देखने को मिल रहा है। इसी क्रम मे वाराणसी मे अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन के कारण पुलिस ने सतर्कता बढ़ाते हुए कई रूट डायवर्ट कर दिए हैं। सोमवार को कैंट स्टेशन से रोडवेज बस स्टेशन के बीच सवारी वाहन बंद कर दिए गए हैं।
आगामी 21 जून को होने वाले योग दिवस को ध्यान में रखकर वाराणसी नगर निगम ने नमो घाट पर आवाजाही दो दिनों के लिए प्रतिबंधित कर दी है। नगर आयुक्त प्रणय सिंह के अनुसार नमो घाट राजघाट पर 20 जून की सुबह 10 बजे से लेकर 21 जून की सुबह 10 बजे तक आम जनता की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इस दौरान वहां पर साफ सफाई और योग की तैयारी कराई जाएगी। दरअसल, योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम इस बार नमो घाट पर किया जा रहा है, ऐसे में माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में यहां लोग एकत्र होंगे। काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों के अंतिम छोर पर स्थित खिड़किया घाट को प्रशासन ने नमो घाट के रूप में नया कलेवर दे दिया है। काशी में यह पीएम का दूसरा ड्रीम प्रोजेक्ट है। खिड़किया घाट पर जल्द पीएम इसका उद्घाटन कर सकते हैं। यहां पहले से ही 25-25 फीट के तीन स्कल्पचर स्थापित हैं और यहां आने वाले पर्यटकों के बीच सबसे पसंदीदा हैं।
इसकी बढ़ती लोकप्रियता के चलते ही स्मार्ट सिटी के तहत यहां 75 फीट ऊंचा चौथा नमस्ते कल्पचर लगाया जा रहा है। पर्यटकों के बेहतर सुविधाओं के लिए पयर्टन विभाग, नगर निगम समेत अन्य कई विभागों के समन्वय से यहां आधुनिक जनसुविधाओं को विकसित करने का खाका तैयार किया जा रहा है। 35.83 करोड़ से करीब 11.5 एकड़ एरिया में पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस घाट से जलमार्ग और वायु मार्ग को भी जोड़ा जाएगा। ताकि पर्यटक अन्य शहरों तक जा सके। यहां पर्यटक सुबह-ए-बनारस का नजारा देख सकेंगे। साथ ही गंगा आरती में भी शामिल हो सकेंगे।