हरियाणा: राजस्थान के उदयपुर की घटना के बाद देशभर में आक्रोश है, जगह-जगह हिंदू संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा हैl भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा के बयान का देशभर में विरोध जारी है। लगातार बयान और वीडियो इसे लेकर सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में नूपुर शर्मा को मारने पर दो करोड़ रुपये देने का एलान करने वाले आरोपी इरशाद प्रधान को सीआईए पुलिस ने शुक्रवार को जिला सचिवालय से गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ में जुटी है। इरशाद प्रधान ने एलान किया था कि मेवात का रहने वाला जो भी व्यक्ति नूपुर शर्मा मारेगा उसे अपनी ओर से दो करोड़ का इनाम देंगे। पुलिस ने इस मामले में 7 जुलाई को हथीन निवासी अनिल कौशिक की शिकायत पर इरशाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। आरोपी शुक्रवार को किसी काम से जिला सचिवालय आया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने कहा कि जिले में फेसबुक/सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक एवं विवादित पोस्ट डालने वालों तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध पुलिस कड़ा रुख अपनाएगी। ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
नूपुर शर्मा ने पैगंबर मोहम्मद के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद धर्मगुरुओं ने इसका कड़ा विरोध किया था। इस संबंध में गत 12 जून को लोगों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।