स्वास्थ्य विभाग: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण के मामले को लेकर अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखा था। इस मामले को लेकर पूरे प्रदेश में हलचल मची हुई है। स्वास्थ्य विभाग में हुए तबादले का मामला गरमाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हस्तक्षेप किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में तबादलों की जांच के लिए मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है।।
मुख्यमंत्री ने जांच कमेटी को तबादलों को लेकर मिली शिकायतों की जांच कर दो दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में तबादलों को लेकर विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी। पाठक ने उनसे मामले में जवाब भी तलब किया था।
पाठक का पत्र वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने उप मुख्यमंत्री और अपर मुख्य सचिव को बातचीत के लिए बुलाया था।सूत्रों के मुताबिक पाठक ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अपर मुख्य सचिव पर तबादलों में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। मामला बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की है।