जुबानी जंग तेज: समाजवादी पार्टी की तरफ से सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर और प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव को लेकर एक पत्र जारी किया गया था, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्र जारी कर चाचा शिवपाल सिंह यादव व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर को दो टूक संदेश देते हुए कहा कि आपको जहां ज्यादा सम्मान मिलता है। आप वहां जाने के लिए स्वतंत्र हैं। सपा के साथ ‘तलाक’ के बाद अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जुबानी जंग तेज कर दी है।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने जौनपुर में मीडिया से बात करते हुए सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। निषाद पार्टी के संजय निषाद और आजम खां पर तंज कसा तो वहीं गृहमंत्री अमित शाह की प्रशंसा की। पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अखिलेश यादव अपनी भाभी और चाचा को संभाल नहीं पाए। ऐसे में वो मुझे क्या संभालेंगे।
दूसरे गठबंधन में जाने से संबंधित सवाल पूछे जाने पर राजभर ने कहा कि बसपा से बात हो रही है। हालांकि अंतिम फैसला विधायकों संग बैठक के बाद लेंगे। सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर रविवार को युवा मोर्चा की समीक्षा बैठक करने के लिए जौनपुर पहुंचे। सुभासपा अध्यक्ष व पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव ने तलाक दे दिया है और मैंने कबूल कर लिया है। अब बसपा से बात हो रही है। हालांकि पार्टी की बैठक होगी। हमारे विधायक जो फैसला लेंगे वही हम करेंगे।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव में टिकट देने में भी पक्षपात करते थे। सुबह से लेकर शाम तक अलग-अलग लोगों को टिकट दिया करते थे। वे अपने चाचा शिवपाल, भाभी अपर्णा यादव और परिवार तक को नहीं संभाल पाए। अखिलेश अगर अपने परिवार को नहीं संभाल पा रहे हैं तो हमें कहां से संभालेंगे। ओम प्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव अपने सामने किसी की नहीं सुनते हैं।