बिहार: कोरोना मरीजों की संख्या में बीते कुछ दिनों से तेज उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। तीन दिन पूर्व नए मरीजों की संख्या 21 हजार के पार पहुंच गई थी, लेकिन अब कमी आने लगी है। इसी बीच खबर आ रही है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
वह पिछले चार दिनों से बुखार से पीड़ित थे, लेकिन मंगलवार को उनमें कोरोना की पुष्टि हुई है। पिछले कुछ दिनों से नीतीश कुमार किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में नहीं दिखाई दे रहे थे। वह न तो पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के विदाई समारोह में शामिल हुए थे और न ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह में।
इसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि नीतीश भाजपा से नाराजगी के चलते इन कार्यक्रमों में शामिल नहीं हुए। हालांकि, अब उनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इससे पहले सोमवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के भी कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आई थी।