Uttar Pradesh

यूपी: सावन में एक बार फिर आगरा के ताजमहल को लेकर विवाद खड़ा, हिंदूवादी संगठन ने किया ताजमहल में रुद्राभिषेक करने का एलान

ताजमहल: सावन में एक बार फिर आगरा के ताजमहल को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कुछ दिन पहले ही शांत हुआ ताजमहल विवाद एक बार फिर से गर्म होता हुआ दिखाई दे रहा है। आगरा मे सावन के तीसरे सोमवार को अखिल भारत हिंदू महासभा ने ताजमहल जाकर रुद्राभिषेक करने का ऐलान किया, जिसके बाद पुलिस विभाग अलर्ट हो गया।

पुलिस ने आनन फानन में सक्रियता दिखाते हुए हिंदू संगठन के पदाधिकारियों को घर में ही नजरबंद कर दिया। इस संबंध में सीओ सदर अर्चना सिंह ने बताया कि संगठन द्वारा ताजमहल में रुद्राभिषेक करने के एलान पर यह कार्रवाई की गई है। संगठन से जुड़े लोगों की निगरानी की जा रही है। नियम विरुद्ध कोई भी कार्य नहीं होने दिया जाएगा।

अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने ताजमहल को तेजोमहालय बताते हुए घोषणा की थी कि वे लोग सावन के तीसरे सोमवार को ताजमहल पर परिक्रमा करने के बाद रुद्राभिषेक करेंगे। इस पर पुलिस सुबह ही पदाधिकारियों के घर पहुंच गई। ताजगंज क्षेत्र में हिंदूवादी नेता अवतार सिंह गिल को घर में नजरबंद किया गया है। मीना दिवाकर और जितेंद्र कुशवाह को भी नजरबंद किया गया है। पुलिस इस संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट की तलाश कर रही है।  हिंदूवादी लोग पूर्व में भी इस तरह का एलान कर चुके हैं। मई में अयोध्या के संत परमहंस दास ने ताजमहल को तेजोमहालय बताकर नई बहस को जन्म दिया था।

Most Popular

To Top