राज्यसभा चुनाव: राज्यसभा के 10 सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा हैं। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की दस सीटों के लिए चुनाव 26 फरवरी को होगा। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। जांच में भाजपा के आठ और सपा के तीन प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए हैं। उम्मीदवार 20 फरवरी तक नाम वापस ले सकते हैं।
बता दें कि दस सीटों के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा ने आठवां प्रत्याशी उतार कर मुकाबला रोचक बना दिया है। अब भाजपा को आठवीं सीट के लिए नौ और सपा को तीसरी सीट के लिए तीन वोट का जुगाड़ करना होगा।
यूपी विधानसभा में मौजूदा समय में 403 में से 399 विधायक हैं। एक प्रत्याशी को जिताने के लिए 37 वोट की आवश्यकता है। एनडीए को आठ सीट जीतने के लिए 296 मत चाहिए, उनके पास करीब 287 मतों का इंतज़ाम है। ऐसे में भाजपा को संजय सेठ को राज्यसभा भेजने के लिए नौ वोट और चाहिए। सपा के पास 108 वोट हैं, लेकिन उनके दो विधायक जेल में बंद हैं। उन्हें मतदान की अनुमति मिलने पर संशय हैं। सपा को तीसरा जिताने के लिए 111 वोट चाहिए। यदि कांग्रेस के 2 वोट सपा को मिलते हैं तो भी 3 अतिरिक्त वोट चाहिए। राज्यसभा चुनाव में बसपा की एकमात्र वोट पर सबकी नजर है। बसपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। फिलहाल लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
राज्यसभा के 50 सदस्यों का कार्यकाल दो अप्रैल व छह का तीन अप्रैल को खत्म होगा। इनमें यूपी की दस सीटों के अलावा महाराष्ट्र-बिहार की 6-6 व मध्य प्रदेश-प.बंगाल की 5-5 सीटें हैं। कर्नाटक-गुजरात में 4-4 सीटों व ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, राजस्थान में 3-3 सीटों पर चुनाव होगा। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ की भी 1-1 सीट शामिल हैं।
नामांकण की अंतिम तिथि 15 फरवरी थी। नामांकण वापस करने की तिथि 20 फरवरी तक है। 26 फरवरी को सुबह 9 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक वोटिंग की प्रक्रिया होगी, वहीं वोट काउंटिंग 27 फरवरी शाम 5 बजे तक होगा।