



महाराजगंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री कल सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल की पत्नी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास ग्राम पिपरा बाबू पहुंचेंगे। इस वीवीआईपी कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरे क्षेत्र को 4 जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया है, जहां चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और पार्किंग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा घेरे को अभेद्य बनाने के लिए 5 क्षेत्राधिकारी, 15 थाना प्रभारी, 600 से अधिक सिपाही और 2 कंपनी पीएसी बल के साथ एलआईयू व स्वाट टीमों को भी सक्रिय किया गया है। भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए बॉर्डर क्षेत्र के होटलों, ढाबों और धर्मशालाओं में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को सतर्क रहने और ट्रैफिक व भीड़ प्रबंधन को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं ताकि पूरा आयोजन बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।