महराजगंज में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौक थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्ट के आदेश पर 236 लीटर अवैध कच्ची शराब को नष्ट कर दिया है। यह शराब आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज कुल 29 अलग-अलग मुकदमों से जुड़ी हुई थी, जिसे काफी समय से पुलिस ने जब्त करके रखा था। सिविल जज और अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महराजगंज की अदालत से आदेश मिलने के बाद इस पूरी खेप को खत्म करने का फैसला लिया गया। पूरी कार्रवाई को पारदर्शी बनाए रखने के लिए इसे थाना परिसर में ही अंजाम दिया गया, जहां एक बड़ा गड्ढा खुदवाकर सारी शराब उसमें पलट दी गई। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई और बकायदा एक पंचनामा तैयार किया गया ताकि कोई गड़बड़ी न हो सके। शराब को नष्ट किए जाने के दौरान मौके पर निचलौल के क्षेत्राधिकारी रविन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार अंकुर सिद्धार्थ, आबकारी निरीक्षक सदर गिरिश कुमार, चौक थाना अध्यक्ष मनीष पटेल और हेड मोहर्रिर अनिल यादव समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

