महराजगंज में पुलिस ने कमाल कर दिखाया है, जहां महराजगंज पुलिस ने सर्विलांस टीम और सीईआईआर पोर्टल की मदद से लोगों के खोए हुए 110 स्मार्टफोन ढूंढ निकाले हैं और उन्हें उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिया है। बरामद हुए इन मोबाइलों की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक, पिछले चार महीनों में अब तक कुल 417 खोए हुए मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक करोड़ पच्चीस लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में महराजगंज पुलिस ने तकनीक का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए यह सफलता हासिल की है। मंगलवार को पुलिस लाइन बुलाकर जब लोगों को उनके खोए हुए महंगे फोन वापस मिले, तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का दिल से शुक्रिया अदा किया। इस शानदार कार्रवाई को अंजाम देने वाली सर्विलांस टीम में शिवानन्द पासवान, मो० कुतुबुद्दीन, राजकुमार राजभर, आलोक पाण्डेय, सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार गोंड शामिल रहे। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी का भी फोन खो जाए या चोरी हो जाए, तो घबराएं नहीं बल्कि तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर उसकी शिकायत दर्ज कराएं ताकि उसे जल्द से जल्द ट्रैक करके वापस लाया जा सके।









