महराजगंज। टेलीमेडिसिन सेवा से जुड़े डॉ. कुंदन झा को लेकर सीएचओ (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर) द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। आरोप है कि डॉ. झा ने सीएचओ को कथित तौर पर धमकी देते हुए जेल भेजने की बात कही।
बताया जा रहा है कि मामले को लेकर सीएचओ स्तर पर आपत्ति जताई गई है और संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में भी प्रकरण पहुंचा है। आरोपों में कथित धमकी के अलावा सुरक्षा अधिकारियों के साथ रील बनाने तथा रंगबाजी करने से जुड़े आरोपों का भी उल्लेख किया जा रहा है। इन आरोपों को लेकर पूर्व में भी मामला सामने आने की बात कही जा रही है।
सीएचओ का आरोप है कि टेलीमेडिसिन सेवा के दौरान डॉक्टर का रवैया कथित रूप से दबाव बनाने वाला रहा। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि किसी स्वास्थ्यकर्मी को जेल भेजने की बात कहने का अधिकार आखिर किसे है और किस आधार पर ऐसी कार्रवाई की बात कही गई?
यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आवश्यक हो तो उसके लिए निर्धारित कानूनी एवं विभागीय प्रक्रिया मौजूद है। ऐसे में कथित धमकी की भाषा और व्यवहार को लेकर विभागीय स्तर पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

